नशामुक्त युवा, सशक्त राष्ट्र की पहचान : छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

निसं
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। राज्य सरकार एवं आयुक्तालय, कॉलेज शिक्षा, राजस्थान, जयपुर के दिशा निर्देशों की अनुपालना में बजट घोषणा 2026-27 के तहत राजकीय कन्या महाविद्यालय, श्रीमाधोपुर में स्थापित नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र के तत्वावधान में 31 अक्टूबर 26 को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय कन्या महाविद्यालय, होद, खंडेला में कार्यरत सुनीता कुमारी बाजिया, सहायक आचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए नशे के विभिन्न स्वरूपों तथा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है, बल्कि पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जागरूकता और सकारात्मक पहल के माध्यम से समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचा सकती है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सांवरमल जाट ने युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा एवं क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं जागरूक युवा ही एक सशक्त, समृद्ध और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। कार्यक्रम में नशा मुक्ति केन्द्र प्रभारी विष्णु दत्त, महाविद्यालय की समस्त छात्राएँ एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

You might also like