नशे से दूरी बनाए रखने का किया आह्वान
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। रतनगढ़ की स्थानीय सेठ श्री मोहनलाल जालान राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं भारतीय ज्ञान परंपरा तथा समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में श्याम सुंदर ज्याणी सह आचार्य, समाजशास्त्र विभाग एवं नोडल ऑफिसर, एक नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर के आतिथ्य में हुआ। मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से आवाहन किया, कि वह नशे की बुराई से दूर रहें तथा उनसे कुछ भी गलत हो जाए तो वह, अपने मां-बाप से उस बात को न छुपाए। अगर ऐसा करेंगे तो उन्हें कभी पश्चाताप नहीं करना पड़ेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख गंगाजल से दीप प्रज्वलन कर हुआ। इस अवसर पर लगभग एक दशक से महाविद्यालय में चल रहे नो वेस्ट वाटर डे मिशन से संबंधित जल संरक्षण संबंधी पोस्टर, इन्नोवेटर प्रोफेसर त्यागी द्वारा मुख्य वक्ता को सोपा गया। मुख्य अतिथि ने नशा मुक्ति की शपथ के साथ-साथ, जल संरक्षण की शपथ पत्र पर भी हस्ताक्षर किए तथा सार्वजनिक रूप से बाहर सेल्फी के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा किये। प्राचार्य डॉ के सी जोशी ने इस तरह के आयोजनों का महत्व बताते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए बहुत ही लाभकारी बताया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी, डॉ रेखा शर्मा ने भी विद्यार्थियों को तकनीक जानकारी दी एवं धन्यवाद व्यापित किया।