क्लब में युवक और उसकी दोस्त से मारपीट और अभद्रता के आरोप में मैनेजर सहित तीन गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । मालवीय नगर स्थित मोलिज क्लब में युवक और उसकी दोस्त के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के दो बाउंसर और मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने आरोपियों पर धर्म और जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने, मारपीट करने और सोने के आभूषण छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि खो नागोरियान निवासी कासिम अंसारी 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे अपनी दोस्त के साथ वर्ल्ड ट्रेड पार्क के पीछे रेस्टोरेंट दावत के ऊपर बने मोलिज क्लब पहुंचा था। रात करीब 11 बजे क्लब का बाउंसर आनंद नाथा उसके पास आया और कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने लगा। इसके बाद बाउंसर महेश और क्लब मैनेजर शैलेन्द्र भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने जातिसूचक और अपमानजनक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कासिम ने शिकायत में बताया कि बाउंसरों और क्लब के अन्य कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान शराब की बोतलों से सिर पर वार किए, जिससे उसकी आंखों में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि उसकी करीब दो तोले की सोने की चेन भी छीन ली गई।
पीड़ित के अनुसार उसे बचाने पहुंची उसकी दोस्त के साथ भी मारपीट और छेड़छाड़ की गई। उसकी दोस्त की कमर पर चोट आई और सोने की नाक की बाली छीनने का भी आरोप लगाया गया है।
थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें बाउंसर आनंद और महेश तथा क्लब मैनेजर शैलेन्द्र शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

You might also like