युवक का अपहरण कर हत्या के मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । तूंगा थाना क्षेत्र में युवक का अपहरण कर सरियों और लाठी-डंडों से मारपीट करने तथा हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहे थे। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
थानाधिकारी सज्जन सिंह के अनुसार 15 सितंबर 2026 को परिवादी ओमप्रकाश बैरवा निवासी दनाऊ कलां अपने भाई के साथ रिश्तेदार से एक लाख रुपए उधार लेकर घर लौट रहे थे। खेत से गाय निकालने के दौरान सफेद बोलेरो और चार मोटरसाइकिलों पर आए आरोपियों ने उनसे तीन हजार रुपए और आईफोन के पैसे मांगे। विरोध करने पर बंदूक दिखाकर दोनों का अपहरण कर खतैपुरा स्थित फार्म हाउस ले गए।
फार्म हाउस पर पहले से मौजूद 30 से 40 लोगों ने दोनों भाइयों के साथ सरियों और लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने उनकी जेब से एक लाख रुपए छीन लिए और पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने और मोबाइल में मौजूद निजी फोटो प्रसारित करने की धमकी दी। रात करीब नौ बजे आरोपियों ने दोनों को रास्ते में छोड़ दिया। मारपीट में गंभीर चोटें आईं। मामले में अपहरण, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दबिश देकर रोहित कुमार मीणा उर्फ रॉकी (18) निवासी शिवदासपुरा, मनीष कुमार मीणा उर्फ मनीष चीता (21) निवासी तूंगा और हीरालाल मीणा उर्फ भोला (20) निवासी तूंगा को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में अन्य नामजद और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

You might also like