हरियाणा में युवक की गोली मारकर हत्या कर शव फेकने के मामले में पुलिस ने किया मामला दर्ज
निसं
चूरू नवयत्न) । जिले के सादुलपुर तहसील के गांव सूरतपुरा की रोही में स्थित नीमवाला जोहड़ में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरियाणा के भिवानी जिले की सिवानी तहसील के गांव विदवान निवासी अनिल उर्फ मोलड़ के रूप में हुई है। युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। थानां अधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि मृतक के भाई सुनील पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव विदवान, तहसील सिवानी, जिला भिवानी (हरियाणा) ने मामला दर्ज करवाकर बताया कि 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे उसके भाई अनिल उर्फ मोलड़ को दो युवक बलेनो कार में बैठाकर घर से लेकर गए थे। परिवादी ने दोनों युवकों के हरियाणा के रोडा निवासी मोनू ओर सिवानी के घंघाला निवासी काला बताए हैं। दर्ज मामले में बताया कि घर से जाने के बाद रातभर अनिल का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान 7 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे व्हाट्सऐप के माध्यम से गांव के एक परिचित व्यक्ति से सूचना मिली कि अनिल की मौत हो गई है तथा उसका शव सादुलपुर थाना क्षेत्र के सूरतपुरा गांव की रोही स्थित नीमवाला जोहड़ में मिला है। दर्ज मामले में मृतक के पास नकदी और दो मोबाइल फोन होने का भी उल्लेख किया गया है। परिवादी ने अपने भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है।