खेतड़ी के भिटेरा में प्रत्याशियों में तकरार तो गोठड़ा में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा

विपुल पारीक
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र की 30 ग्राम पंचायतों में सोमवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ। यहां शाम छह बजे तक 81.42 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। क्षेत्र के 122 बूथों पर मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। हालांकि, कुछ गांवों में विवाद और फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर हंगामे की स्थिति भी बनी। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नंगली सलेदी सिंह, बड़ाऊ, गुणीनीचा, बबाई, पपुरना, नानूवाली बावड़ी और गोठड़ा सहित कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।


भिटेरा में प्रत्याशियों के बीच हुई तकरार
मतदान के दौरान भिटेरा गांव में वोट डालने की बात को लेकर प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार चौहान और डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत करवाया और मतदान दोबारा सुचारू करवाया।
गोठड़ा में फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा
गोठड़ा ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग के आरोप लगने के बाद हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़कर थाने पहुंचाया। इसके बाद मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। गोठड़ा पंचायत में कुल 7,672 मतदाताओं में से 5,864 ने वोट डाले। यहां 76.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में शाम 6 बजे तक कुल 81.42 प्रतिशत मतदान हुआ।
पहली बार वोट डालकर उत्साहित हुई दिशा
गोठड़ा ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान मनोज अग्रवाल की बेटी दिशा अग्रवाल ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पहली बार वोट डालने को लेकर दिशा काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि मतदान करना उनके लिए यादगार अनुभव है। युवाओं को भी आगे आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र मजबूत हो सके।

You might also like