गोठड़ा के नवनिर्वाचित सरपंच ने केसीसी कार्यपालक निदेशक से की मुलाकात स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। गोठड़ा ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच हरिराम गुर्जर ने बुधवार को केसीसी कार्यपालक निदेशक पुरुषोत्तमदास बोहरा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सरपंच ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं और ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। ?मुलाकात के दौरान सरपंच गुर्जर ने स्थानीय बेरोजगार युवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग रखी कि केसीसी प्रोजेक्ट के तहत ठेके पर काम कर रही विभिन्न कंपनियों में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने कंपनी के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड के तहत गोठड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों पर बजट निवेश करने का आग्रह किया। ?इस पर कार्यपालक निदेशक पुरुषोत्तमदास बोहरा ने सरपंच को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि उनके अधिकार क्षेत्र में जो भी जनहित और विकास से जुड़े कार्य संभव होंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर सनातन धर्म समिति अध्यक्ष सवाई सिंह सिराधना भी मौजूद थे।