60 मजदूरों को प्रशासन ने भिजवाया उनके घर
उत्तर प्रदेश के रहने वाले है मजदूर
खेतड़ी,(जयंत खाँखरा)21 मई। उपखंड क्षेत्र में मजदूरी करने आए मजदूरों को गुरूवार को दो बसों के माध्यम से उनके घर भेजा गया। उपखंड अधिकारी शिवपाल जाट ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले मजदूर मजदूरी करने के लिए यहां आए हुए थे। लॉक डाउन के कारण उनका काम बंद हो गया तथा अपने घर नहीं जा पाए। प्रशासन ने सरकार के निर्देश पर ऑनलाइन सूचना मिलने पर खेतड़ी डीपों की दो बसो के माध्यम से उतरप्रदेश के चित्रकूट, बलिया, देवरिया, फर्रूखाबाद, हरदोई, जालून, ललितपुर, मैनपूरी व उन्नाव के रहने वाले करीब 60 लोगों को उनके घर भेजा है। उपखंड अधिकारी के अनुसार मध्य प्रदेश, बिहार के लोगों को चिह्नित कर उनको भी भेजा जाएगा।
प्रशासन ने बस में बैठाने से पूर्व खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरीश यादव व शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ सुरेश मील से उनके स्वास्थ्य की जांच करवाकर उनको रवाना किया। इस मौके पर प्रभारी रामानंद शर्मा, तहसीलदार कृष्ण कुमार यादव, प्रर्वतन निरीक्षक मुनेष कुमार, गोकुलचंद सैनी, सुखलाल आदि मौजूद थे।