हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप ने शुरू किया नो ईद शॉपिंग कैंपेन

जरूरतमंद महिलाओं को सौंपी नगद राशि

झुंझुनूं,(अश्वनी शर्मा)21 मई। कोरोना वायरस की वजह से पूरा देश लॉक डाउन की विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करना बेहद जरूरी है। रमजान और ईद पर मुस्लिम समाज बड़े स्तर पर कपड़े-जूते आदि की खरीदारी करता है। हर वर्ष बाजारों में इस दौरान बड़ी चहल-पहल और रौनक रहती है और मार्केट और दुकानों पर पैर रखने की जगह भी नहीं रहती है। ऐसे में यह भीड़ कोरोना वायरस के फैलने की वजह बन सकती है। साथ ही लॉक डाउन की वजह से संपन्न लोगों की आर्थिक स्थिति भी बेहद नाजुक है और साथ ही गरीबों के यहां तो खाने-पीने के भी लाले पड़े हुए हैं। ऐसे में हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप ने नो ईद शॉपिंग केम्पैन चला रखा है, जिसमें सक्षम लोगों से अपील की जा रही है कि इस बार ईद पर फालतू और गैरजरूरी खरीदारी ना करें और इस पैसे को अपने मुश्किल वक्त के लिए बचाकर रखें तथा गरीब जरूरतमंद और विशेष तौर पर विधवाओं की आर्थिक मदद करें।

इस कैंपेन के तहत हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप के सभी साथियों ने निश्चय किया कि इस वर्ष हम ईद की शॉपिंग नहीं करेंगे और हम सभी इस राशि से शहर की गरीब, जरूरतमंद लोगों की और विशेष तौर पर विधवाओं की आर्थिक सहायता करेंगे। इस मुहिम के तहत आज झुंझुनूं एसडीएम सुरेंद्र यादव, शहर कोतवाल गोपाल सिंह ढाका, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीश खान ने शहर की जरूरतमंद महिलाओं को नगद राशि के लिफाफे देकर इस कैंपेन की शुरुआत की। ग्रुप के इब्राहिम खान ने बताया कि पहले चरण में 250 जरूरतमंद महिलाओं को चिह्नित कर उन्हें नगद राशि के लिफाफे दिए जाएंगे ताकि इन पैसों से वह ईद के दिन अपने परिवार के साथ अपने पसंद का खाना खा सकें या अपनी किसी जरुरत को पूरा कर सकें। तहसीन कुरेशी ने शहरवासियों से अपील की कि इस केम्पैन से जुड़कर देशहित में अपना योगदान दें।

हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप के इस्माइल चोपदार, बरकत गहलोत, इकराम किलानिया, आनंद ओला, नईम इकबाल, अताउर रहमान, महमूद खाँ नुआं, करमे इलाही, इकराम भाटी, अलादीन खाँ खोखर, खादिम खोखर, आरिफ खान, शब्बीर गहलोत, मुराद खोखर, इकराम भाटी, तसलिम तिस्सू, इम्तियाज तगाला, मजीद सब्जिफरोश, सलीम आदी जोर शोर से जन सेवा में लगे हुए हैं।

You might also like