पति की मौत के बाद पत्नी को सौंपे तीन लाख के किसान विकास पत्र
युवाओं ने सोशियल मीडिया के जरिए एकत्रित की सहायता राशि
चूरू,(पीयूष शर्मा)26 मई। गांव खासोली के यूथ फोर्स से जुड़े युवाओं ने सोशियल मीडिया का सदुपयोग कर गांव की एक निर्धन महिला को उसके बच्चों के लिए तीन लाख रुपए की राशि के किसान विकास पत्र सौंपे।
युवाओं की ओर से एकत्रित सहायता राशि के किसान विकास पत्र मंगलवार को कलक्टर संदेश नायक ने महिला व उसके बच्चों को सौंपे। सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र जोशी ने बताया कि गत दिनों गांव के एक युवक ने कोरोना अवसाद के कारण चूरू में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए यूथ फोर्स खासोली के युवाओं ने इनकी आर्थिक मदद के लिए एक व्हाट्सएप गु्रप बनाया। सोशियल मीडिया पर अपील कर 88 युवाओं के सहयोग से तीन लाख रुपए एकत्रित किए। युवाओं ने उक्त राशि के किसान विकास पत्र लेकर कलक्टर नायक के जरिए मृतक की पत्नी सुमन देवी व उसके बेटे नरेश को दिलवाए। युवाओं की अपील पर कलक्टर संदेश नायक ने भी परिवार की यथासंभव मदद करने का आश्वासन दिया।