राजगढ़ थाना प्रकरण में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामले द्वेषतापूर्ण- अखिलेशप्रताप सिंह
बीकानेर,(देवेंद्र स्वामी) 30 मई। चुरु जिले के राजगढ़ थाने में थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की आत्महत्या मामले में भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा में उपनेता व चुरू से विधायक राजेन्द्र राठौड़, पूर्व विधायक मनोज न्यांगली, जिला प्रमुख हलाल सारण समेत 200 नेताओं, कार्यकर्ताओं व आम लोगों के खिलाफ राजगढ़ थाने में दर्ज मुकदमों की भारतीय जनता पार्टी शहर, बीकानेर ने निंदा की है ।
शहर भाजपा अध्यक्ष अखिलेशप्रताप सिंह ने बताया कि राजगढ़ थानाधिकारी का आत्महत्या प्रकरण प्रदेश की असामान्य तथा गंभीर घटना है। इस घटना के कारणों की जांच करने, मौके से तथ्यों का अवलोकन करने के पश्चात उचित जांच की मांग को लेकर भाजपा नेता, कार्यकर्ता मौके पर गये थे। उन्होने कहा कि उक्त प्राथमिकी राजनीति से प्रेरित है तथा 24 घंटे बाद प्राथमिकी दर्ज करना द्वेषता का भाव प्रकट करता है। सिंह ने बताया कि सर्व समाज द्वारा प्रदेशभर में राज्य सरकार, पुलिस प्रबन्धन की कार्यप्रणाली के खिलाफ आक्रोश है और इसकी चारों ओर घोर निंदा की जा रही है।
ऐसे में इस प्रकार के मुकदमें दर्ज कर आमजनमानस की आवाज को दबाया जा रहा है । उन्होने बताया कि राज्य सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिये दमनकारी नीति अपना रही है तथा प्रदेशभर में अराजकता व भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है जो कि लोकतंत्र के बिल्कुल विपरीत है । उन्होने यह भी कहा कि घटनास्थल पर प्रदेशभर के शीर्ष पुलिस अथिकारी उपस्थित थे ऐसे में अव्यवस्थाओं का होना आश्चर्य की बात है |
इस ज्ञापन के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी शहर, बीकानेर ने राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन से मांग की है कि भाजपा नेताओं और जनसामान्य पर राजगढ़ थाने में झूठी, राजनीतिक द्वेषता एवं दुर्भावनापूर्ण दर्ज प्राथमिकी को वापिस लिया जाय।