गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज के नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण
श्री राम तिवारी
नोखा (दैनिक नवयत्न ) । गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज का महाराणा प्रताप कॉलोनी, नोखा में नगरपालिका द्वारा दिए गए नवनिर्मित समाज भवन का विधिवत लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समाज भवन का लोकार्पण श्री बालाजी सेवा धाम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य श्री बजरंगदास जी महाराज, पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर एवं नगर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर के कर कमलों से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि गौतम जी की प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ वेद विद्यालय के विधार्थियो द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर ने कहा कि नगर पालिका द्वारा समाज के हित में कराए गए विकास कार्यों का लाभ निश्चित रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने भामाशाहों से ऐसे सामाजिक और रचनात्मक कार्यों में आगे आकर योगदान देने का आह्वान किया। झंवर ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में यदि विकास मंच का पुन: बोर्ड बनता है तो नगर पालिका की ओर से पचास लाख रुपये का अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराया जाएगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में पधारे महामंडलेश्वर आचार्य श्री बजरंगदास जी महाराज, अखिल भारतीय शैक्षणिक ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिगोपाल उपाध्याय, परिमंडल अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय एवं अखिल भारतीय शैक्षणिक ट्रस्ट प्रदेश अध्यक्ष मानाराम पंचारिया का गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों व समाजजनों द्वारा साफा, माला एवं शोल ओढ़ाकर कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर का भी प्रसशी पत्र भेंटकर आयोजन समिति द्वारा स्वागत किया गया।
गुर्जरगौड़ ब्राह्मण समाज नोखा के अध्यक्ष मोहनलाल पंचारिया ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का कार्यक्रम में उपस्थित होने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समाज भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के पश्चात पौधरोपण भी किया गया।