चलती कार में अचानक से लगी आग, चालक ने कूद कर बचाई जान
डी के सैनी
जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । जगतपुरा इलाके में चलती कार में अचानक से आग लग गई। बोनट से धुंआ निकलता देख कार चालक ने बड़ी चतुराई से कार को सड़क किनारे लगाया। इतनी ही देर में आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और देखते ही देखते महज 10 मिनट में कार कबाड़ में तब्दील हो गई। घटना के बाद जगतपुरा 7 नंबर चौराहे पर हड़कंप मच गया और यातायात जाम हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक कार कबाड़ में तब्दील हो गई।
फायर स्टेशन (मालवीय नगर) के अधिकारी कीर्ति ने बताया कि महेंद्र दौसा बालाजी निवासी ने चलती कार में आग लगने की सूचना दी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी ने महज 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया । लेकिन जब तक कार कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी। महेंद्र से पूछताछ करने पर सामने आया है कि उसने प्रताप नगर के महल रोड पर स्थित एक सर्विस सेंटर पर कार ठीक कराई थी। सर्विस करवाने के बाद वह जगतपुरा के 7 नंबर चौराहे पर पहुंचा था। इसी दौरान चलती कार के बोनट से उसे धुआं निकलता दिखाई दिया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।