अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुएथाई खिलाड़ियों ने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से की मुलाकात

डी के सैनी

जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को मुएथाई खेल के खिलाड़ियों ने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से मुलाकात कर उन्हें महिला दिवस की बधाई दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने राजस्थान की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया जिन्होंने मुएथाई खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। एशियाई ओलंपिक यूथ गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ी मुदित गुप्ता को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
इस अवसर पर श्रीराम मार्शल आर्ट के निदेशक और खिलाड़ियों के मेंटर श्रीराम चौधरी ने उपमुख्यमंत्री को मोमेंटो और मैगजीन भेंट की तथा मुएथाई खेल के बारे में जानकारी दी। दीया कुमारी ने खिलाड़ियों को इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हाल ही में हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय मुएथाई चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 33 स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। यूनाइटेड मुएथाई एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्रीराम चौधरी के निर्देशन में राजस्थान ने प्रतियोगिता में पहला रनरअप खिताब भी हासिल किया।

You might also like