भगवान के घर चोरी
चांदी के ग्यारह छत्र व एक माइक मशीन ले गए चोर
लोसल,(नंदलाल गौड़)7 मई। एक ओर जहां कोरोना वायरस का संक्रमण से निजात पाने के लिए संकट की घड़ी में लोग घरो में भगवान की पूजा-अर्चना और अनुष्ठान करके भगवान से देश से कोरोना महामारी से छुटकारा दिलाने की कामना कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर भगवान के घर चोर डाका डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। लोसल से छह किलोमीटर दूर सिंगरावट पंचायत में मंदिर के ताले तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के पुजारी कन्हैयालाल शर्मा ने बताया कि रोज की तरह सुबह जब मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए गया था तो मंदिर के ताले टूटे मिले। आस-पास के लोगों को बुलाया गया और इसकी जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। चोर मंदिर से ग्यारह चांदी के छत्र, एक आरती करने वाली माइक मशीन एवं दानपात्र का ताला तोडक़र उसमें से नगदी सहित अन्य सामान ले गए। धोद थाना अधिकारी ने बताया कि चोरी होने की सूचना मिलने पर मौके पर जाकर तहकीकात की गई पुजारी ने भी रिपोर्ट दी है, जांच कर रहे हैं।