दैनिक रेल यात्री संघ ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
विजेंद्र लामोरिया
चिड़ावा (नवयत्न )। विभिन्न रेल सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर सोमवार को दैनिक रेल यात्री संघ चिड़ावा ने झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संघ के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की प्रमुख रेल समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।
प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं-
पिछले तीन वर्षों से लंबित मांग के तहत जोधपुर से दिल्ली के बीच नई ट्रेन का संचालन वाया डेगाना, फुलेरा, रींगस, सीकर, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू व रेवाड़ी होकर किया जाए। इससे झुंझुनूं व सीकर क्षेत्र के लोगों को जोधपुर एम्स, एयर फोर्स स्टेशन तथा छात्र-छात्राओं को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही यह क्षेत्र सैनिक बाहुल्य होने के कारण यहां के सैनिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
.ट्रेन संख्या 19607/08 (कोलकाता–मदार–कोलकाता) जो वर्तमान में 66 घंटे मदार जंक्शन पर खड़ी रहती है, उसका विस्तार श्रीगंगानगर तक वाया सीकर, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू, हिसार, सिरसा व बठिंडा किया जाए।
रेवाड़ी–सीकर ट्रेन (54804) जो सीकर जंक्शन पर लगभग 10 घंटे खड़ी रहती है, उसका विस्तार जयपुर तक किया जाए ताकि झुंझुनूं, चिड़ावा क्षेत्र के यात्रियों को शाम के समय जयपुर जाने की सुविधा मिल सके।
विधायक राजेंद्र भाम्बू ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन पर जल्द ही संबंधित विभाग से चर्चा कर उचित कार्यवाही की जाएगी। ज्ञापन सौंपते समय रामसिंह, नंदलाल, किशोरी सिंह, देवेश, सत्यवान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।