आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा व जन स्वास्थ्य संदेश दिवस का आयोजन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे के वार्ड 4, 6 व 7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़े एवं जन स्वास्थ्य संदेश दिवस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। महिला पर्यवेक्षक कंचन शर्मा ने उपस्थित महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य व स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को आंगनबाड़ी से मिलने वाले पोषाहार व न्यूट्रीकिट का नियमित उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही संतुलित आहार के साथ मोटे अनाज, हरी सब्जियां, फल व भीगे हुए अनाज को दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 7 माह की गर्भवती अंजनी परिहार को न्यूट्रीकिट वितरित कर उसकी उपयोगिता समझाई गई। योगाचार्य रामलाल धेतरवाल ने महिलाओं को योगाभ्यास करवाते हुए स्वस्थ जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में परिवार के सभी सदस्यों को गर्भवती महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य में सहयोग करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में लक्ष्मी पांडे, शिवानी, संतोष सोनी, मनीषा कंवर, राधा देवी, गंगा, अरुणा, मीता, मंजू, शारदा व जशोदा सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुप्रिया कंवर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

You might also like