हवाई पट्टी से झुझारसिंह सर्किल तक चला सफाई अभियान, सडक़ किनारे जमा कचरा उठाया
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सुबह सात बजे से नगर परिषद की टीम ने हवाई पट्टी चौराहे से झुझार सिंह सर्किल तक सडक़ के दोनों ओर सफाई कराई गई।
लंबे समय से जमा कचरे और गंदगी को हटाने के लिए नगर परिषद की टीम ने मशीनरी के साथ मौके पर मोर्चा संभाला। सफाई अभियान में जेसीबी और 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाई गईं। इनके साथ करीब एक दर्जन सफाई कर्मचारी भी सफाई कार्य में जुटे रहे। जेसीबी की मदद से सडक़ किनारे जमा कचरे और अन्य गंदगी को हटाकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर मौके से बाहर ले जाया गया। नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार अपनी पूरी टीम के साथ अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहे और सफाई कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को चिन्हित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से सफाई करने के निर्देश दिए। अभियान में सफाई निरीक्षक लोकेश दुलड़, अली हसन और संदीप लंबा सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। नगर परिषद की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई।