एक साल से फरार 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । जयपुर पश्चिम पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध और लोक परीक्षा अधिनियम से जुड़े मामलों में प्रकरण दर्ज थे।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट में सक्रिय अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता तथा सहायक पुलिस आयुक्त वैशालीनगर अनिल शर्मा के सुपरविजन में वैशाली नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इनामी आरोपी को दबोच लिया।
थानाधिकारी आरती सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप तंवर (31) निवास कोटपूतली जिला कोटपूतली-बहरोड़ को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्तमान में इंद्रपुरी कॉलोनी सीतापुरा (सांगानेर सदर) में रह रहा था और करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) व 61(2), आईटी एक्ट की धाराएं 43 व 66 तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम 2024 के तहत प्रकरण दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी आरती सिंह के साथ उपनिरीक्षक रतनलाल, महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद व सुरेंद्र कुमार, कांस्टेबल देवीसिंह, देवेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, श्रवण तथा महिला कांस्टेबल ललिता की टीम शामिल रही। आरोपी को डिटेन कर गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।

You might also like