वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा में मूल अभ्यर्थी के स्थान पर डमी परीक्षार्थी बैठने वाला गिरफ्तार, आरोपित से छह लाख रुपए में हुआ था सौदा तय

निसं
जयपुर (नवयत्न)। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास कराने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित महेंद्र कुमार मूल अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा में बैठा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपित स्वयं सरकारी कर्मचारी है और जालौर जिले के राजकीय महाविद्यालय रानीवाड़ा में लैब असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाने के मामले की जांच के दौरान महेंद्र कुमार (30) निवासी खिरोड़ी जिला जालौर की भूमिका सामने आई। आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है तथा पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच में सामने आया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान) भर्ती परीक्षा में मूल अभ्यर्थी सत्य प्रकाश मीना (32) निवासी मोहनपुरा जिला गंगापुर सिटी ने स्वयं परीक्षा नहीं दी थी। उसने परीक्षा पास करने के लिए डमी परीक्षार्थियों की मदद ली थी।

एसओजी के अनुसार मध्यस्थ रामहंस मीना के जरिए सत्य प्रकाश मीना और महेंद्र कुमार के बीच छह लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। इसके तहत 29 जनवरी 2023 को भरतपुर स्थित श्री अग्रसेन महिला विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र पर महेंद्र कुमार ने सत्यप्रकाश मीना के स्थान पर सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा दी थी।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के तहत विज्ञान विषय और सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा 24 दिसंबर 2022 को आयोजित हुई थी। हालांकि सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई थी और बाद में 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित की गई थी।

एसओजी जांच में यह भी सामने आया कि डमी अभ्यर्थियों की मदद से परीक्षा उत्तीर्ण कर सत्यप्रकाश मीना का वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान विषय) पद पर चयन हो गया था। लेकिन आरपीएससी में शिकायत पहुंचने के कारण उसका नियुक्ति पत्र जारी नहीं हो सका। एसओजी इस मामले में मुख्य अभ्यर्थी सत्य प्रकाश मीना को 28 दिसंबर 2023 को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुसंधान अधिकारी प्रकाश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित महेंद्र कुमार को थाना एसओजी जयपुर में दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है।

एसओजी अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों, बिचौलियों और डमी परीक्षार्थियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

You might also like