तेज रफ्तार कार ने मारी बाइक के टक्कर

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक ही परिवार के चाचा भतीजे को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना का विवरण


मृतकों की पहचान संजय कुमार पुत्र पूनमचंद और कालूराम पुत्र बद्री प्रसाद निवासी वार्ड नं 20, तारानगर के रूप में हुई है। दोनों तारानगर नगरपालिका में स्थाई सफाई कर्मचारी थे और आपस में चाचा-भतीजा लगते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार के घर गुरुवार को पुत्र का जन्म हुआ था। पूरा परिवार अस्पताल में था। रात करीब 9:45 बजे मुकेश का भाई संजय व भतीजा कालूराम बाइक से अस्पताल के पास स्थित दिल्ली दरबार होटल पर खाना लेने जा रहे थे। मुकेश भी दूसरी बाइक से उनके पीछे था। जैसे ही वे होटल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचे, तारानगर की ओर से आ रही तेज गति कार ने गलत साइड से आकर उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सडक़ पर गिर गए और कार पलट गई। आवाज सुनकर होटल कर्मचारी श्रवण कुमार और रामावतार सैनी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल तारानगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही उक्त घटना की सुचना क्षेत्र में फैली तो समाज के सैकड़ों लोग अस्पताल में इकठ्ठे हो गए। मृतक के भाई मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस थाना तारानगर में कार चालक के खिलाफ धारा मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

You might also like