लग्जरी लाइफ के लिए चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । रामनगरिया थाना पुलिस ने लग्जरी जीवन शैली के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और थाना क्षेत्र में दर्ज 7 मामलों में वांटेड था।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि आरोपी विनोद शर्मा उर्फ विनोद पंडा (39), निवासी बसवा (दौसा) को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। वह सूने मकानों की पहले रेकी कर अपने गिरोह के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मौज-मस्ती और लग्जरी लाइफ के शौक को पूरा करने के लिए चोरी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गिरोह और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अब तक करीब 20 चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके कब्जे से लाखों रुपए के चोरी किए गए गहने बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि पुलिस ने पूर्व में उसके गिरोह के सदस्य बबलेश मीणा उर्फ बबलू, दीपचंद उर्फ दीपक और प्रदीक कुमार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि विनोद शर्मा लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। स्पेशल टीम के कांस्टेबल राहुल और शिवपाल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दौसा से पकड़ने में सफलता हासिल की।