नाबालिग का अपहरण व दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । जिले के भालेरी थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका का कथित रूप से अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में चूरू पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को नाबालिग के साथ वाहन सहित चूरू शहर में प्रवेश करने से पहले ही दस्तयाब कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एम आईपीएस ने प्रेसवार्ता में बताया कि 12 सितंबर की सुबह दूरभाष के माध्यम से भालेरी पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में कोई अज्ञात व्यक्ति एक लड़की का अपहरण कर उसे चूरू की तरफ ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भालेरी थाना पुलिस ने तत्काल जिले में नाकाबंदी करवाई। नाकाबंदी के दौरान कोतवाली चूरू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कस्बे में प्रवेश करने से पहले ही नाबालिग के साथ वाहन सहित पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर पीड़िता के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बाद में परिजनों की ओर से भालेरी थाने में नाबालिग के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने इस प्रकरण में 12 सितंबर के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
मेडिकल जांच व साक्ष्य जुटाए
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसंधान अति. पुलिस अधीक्षक एसआईयूसीएडब्ल्यू चूरू डॉ. कृष्णा सामरिया के निर्देशन में शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाकर आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध करवाया गया। पीड़िता एवं गवाहों से अनुसंधान किया गया तथा मोबाइल फोरेंसिक यूनिट चूरू के माध्यम से भी आवश्यक साक्ष्य संकलित करवाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल की तस्दीक के दौरान भागने का प्रयास
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को आरोपी की सूचना के आधार पर नाबालिग को जिस स्थान पर ले जाकर कथित दुष्कर्म किया गया था, उस स्थान की तस्दीक करवाई जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया। भागते समय वह वहां पड़े पत्थरों के बीच गिर गया, जिससे उसके पैर में चोटें आईं।
चोट लगने के बाद आरोपी को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल तारानगर रवाना किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।