303 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट कार जब्त
जय जांगिड़
झुंझुनूं (नवयत्न) । जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 303 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन में वृताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में थानाधिकारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
दिनांक 7 अप्रैल 2026 को डीएसबी शाखा से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस टीम रिको क्षेत्र में पहुंची। सूचना में बताया गया था कि एक स्विफ्ट कार (नंबर RJ 18 CA 6823) में अवैध अफीम रखी हुई है और आरोपी मौके से फरार हो सकता है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रिको एरिया स्थित मरूधरा हुंडई शोरूम के सामने खड़ी कार की तलाशी ली।
तलाशी में बरामद हुई अफीम
तलाशी के दौरान वाहन चालक सुमेर सिंह (59) पुत्र नौरंगराम, निवासी देसुसर (थाना बगड़), हाल निवासी आस्था कॉलोनी रिको झुंझुनूं के कब्जे से 303 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की सख्ती जारी
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई से जहां आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है, वहीं अपराधियों में भय का माहौल भी बना है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य मुकेश (एचसी), आशुराम, अनिल कुमार (डीएसबी), प्रवीण कुमार, संदीप पूनियां, प्रदीप कुमार और महेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।