आदर्श बने मिस्टर, सिमरण मिस फ्रेशर, रैंप वॉक में दिखाया टैलेंट

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। सिंघानिया विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए मंगलवार को फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों ने रैंप वॉक के साथ नृत्य, गायन, कविता और नाटक की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अलग-अलग खिताब देकर सम्मानित किया गया। बीकॉम के आदर्श को मिस्टर फ्रेशर और बीए डिफेंस की सिमरन को मिस फ्रेशर चुना गया। इसी तरह बीए डिफेंस के तुषार राजपूत ने मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब जीता, जबकि बीटेक कंप्यूटर साइंस की प्रिया को मिस पर्सनैलिटी चुना गया। बीए डिफेंस के हिमांश शर्मा मिस्टर टैलेंट और बीएससी एग्रीकल्चर की इशिका मिस टैलेंट बनीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ रहने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिस तरह आकाश की कोई सीमा नहीं होती, उसी तरह विद्यार्थियों की सफलता की भी कोई सीमा नहीं है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रो-प्रेसिडेंट एवं सीएफओ सुनील कुमार सोबती ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है। फ्रेशर्स पार्टी में विद्यार्थियों का उत्साह देखने लायक रहा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों के उत्साह को बनाए रखने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाना है। कुलसचिव सुमित कुमार सिंह ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के साथ उनके जीवन की नई शुरुआत हुई है। यहां उन्हें नए दोस्त बनाने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान विश्व फोटोग्राफी दिवस प्रतियोगिता और विभिन्न खेल गतिविधियों के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
रैंप वॉक के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई। कैंपस डायरेक्टर प्रो. पीएस जस्सल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उपाध्यक्ष डॉ पवन त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक की इच्छा होती है कि उसका विद्यार्थी उससे बेहतर प्रदर्शन करे और जीवन में आगे बढ़े। फ्रेशर्स पार्टी में नए विद्यार्थियों ने रैंप वॉक किया। इसके अलावा विश्वविद्यालय के नए और वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, कविता और नाटक की प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और साथी विद्यार्थियों ने उनका उत्साह बढ़ाया।

You might also like