किशोरी मेला आयोजित

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर में किशोरी मेले का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने माँ सरस्वती के समक्ष सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। मेले के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न जोन में विभाजित कर अलग-अलग गतिविधियाँ प्रदान की गई। प्रत्येक जोन के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रकार की आकर्षक स्टॉल लगाई, जिनमें खाद्य सामग्री सहित कई उपयोगी एवं रचनात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने स्टॉल से खरीदारी कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में जोन प्रथम से प्रिया सैनी, जोन द्वितीय से तपस्या कुमावत तथा जोन तृतीय से कोमल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्या डॉ मधु चौधरी ने कहा कि किशोरी मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास एवं उद्यमशीलता विकसित करने का प्रभावी मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने हुनर को पहचानने तथा उसे व्यावहारिक रूप देने का अवसर मिलता है और किशोरी सशक्तीकरण को नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम का संचालन संगीता निठारवाल ने किया। इस अवसर पर प्रतिभा गुप्ता, कृष्णा पालीवाल, हंसा देवी, सरोज, सुशीला खैरवा, अंकुश कुमार खैरवा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मेले को सफल एवं जीवंत बनाया।

You might also like