वेलकम टू द जंगल में साथ दिखेंगे अक्षय और रवीना
निसं
जयपुर (नवयत्न)। बॉलीवुड की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘वेलकम’ के तीसरे भाग ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर दर्शकों में लगातार उत्साह बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फिल्म की सबसे बड़ी खासियत के तौर पर 90 के दशक की लोकप्रिय जोड़ी अक्षय कुमार और रवीना टंडन का लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आना सामने आया है।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, जैसे ही यह खबर सामने आई कि अक्षय कुमार और रवीना टंडन इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। माना जा रहा है कि यह रीयूनियन फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी साबित हो सकता है।
अक्षय कुमार जहां ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ी में अपनी वापसी कर रहे हैं, वहीं फिल्म मेकर्स इस बार कहानी के साथ-साथ नॉस्टैल्जिया फैक्टर पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं। इसी कड़ी में अक्षय और रवीना की जोड़ी को फिर से साथ लाकर दर्शकों को 90 के दशक की यादें ताजा कराने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि शूटिंग के दौरान दोनों कलाकारों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला, जिससे सेट पर माहौल बेहद सहज और मनोरंजक बना रहा। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने टीम का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘मोहरा’ के मशहूर गीत ‘टिप टिप बरसा पानी’ और कई सुपरहिट फिल्मों के जरिए यह जोड़ी पहले ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी है। ऐसे में वर्षों बाद दोनों कलाकारों का फिर साथ आना फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा रहा है।