पांच हजार का ईनामी आरोपी अंकित गिरफ्तार, केस वापस नहीं लेने पर दी थी धमकी
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पुलिस थाना मेहाड़ा ने कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपए के वांछित इनामी आरोपी अंकित पुत्र इंद्राज निवासी दुधवा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र के साथ हरियाणा सीमा से लगते संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी थी। पुलिस के अनुसार एक परिवादिया ने रिपोर्ट दी थी कि अंकित मोटरसाइकिल से उसकी दुकान पर आया और रास्ते में बाइक खड़ी कर दुकान में घुस गया। आरोप है कि उसने केस वापस लेने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही। परिवादिया ने रिपोर्ट में अपने और परिवार की जान को खतरा बताया था। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी मदद से तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी माध्यमों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने मेहाड़ा थाना क्षेत्र के साथ हरियाणा सीमा से लगते इलाकों में भी संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक एएसआई कल्याण सिंह, कांस्टेबल रोहिताश , संदीप, महेंद शामिल रहे। पुलिस के अनुसार एएसआई कल्याण सिंह का कार्रवाई में विशेष योगदान रहा।