आर्यनगर विद्यालय में क्वारेंटाइन सेंटर बनाने पर घरड़ाना खुर्द के लोगों में रोष
विद्यायल का रास्ता जाता है गांव के बीच से
बुहाना,(सुरेन्द्र डैला)18 मई। आर्य नगर को क्वारेंटाइन सेंटर बनाने पर घरड़ाना ग्राम के लोगों ने क्वारेंटाइन सेंटर के विरोध में एक कमेटी का गठन किया। कमेटी के संयोजक मूलचंद ने बताया कि घरड़ाना खुर्द ग्राम पंचायत का नियम विरुद्ध क्वारेंटाइन सेंटर बनाने के खिलाफ ग्राम के चौक में लॉक डाउन के नियमों की पालना करते हुए सरदार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में इस बात पर रोष जाहिर किया गया कि घरड़ाना खुर्द में 6 राजकीय विद्यालय हैं जो जोहड़ में ग्राम से यथोचित दूरी पर हैं। इनमें से किसी भी विद्यालय का रास्ता ग्राम के बीच से होकर नहीं जाता जबकि आर्यनगर के विद्यालय का आने जाने का रास्ता सिर्फ ग्राम के बीच से होकर जाता है। विद्यालय ग्राम से सटा हुआ है उसके बावजूद भी आर्य नगर को को क्वारेंटाइन सेंटर बनाया गया है। घरड़ाना खुर्द के बहुत से विद्यालयों की दीवारें ऊंची हैं जबकि आर्यनगर के विद्यालय की दीवार बहुत नीची है कोई भी भाग कर निकल सकता है। घरड़ाना खुर्द के विद्यालयों में पानी की व्यवस्था है जबकि आर्यनगर के विद्यालय में पानी समुचित व्यवस्था नहीं है। आर्यनगर की स्कूल में आंगनवाड़ी भी है। ग्रामवासियों में इस बात को लेकर रोष था कि घरड़ाना खुर्द की जनता के विरोध के कारण स्थानीय कमेटी ने राजनैतिक दबाव में पंचायत मुख्यालय पर सुविधा संपन्न विद्यालय होने के बावजूद आर्यनगर क्वारेंटाइन सेंटर तय कर दिया जो कोई भी सूरत में बनने नहीं दिया जाएगा। ग्रामवासियों ने एक ग्यारह सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन किया जिसका संयोजक मूलचंद को बनाया गया है। सभा को पूर्व सरपंच रामकुमार सुबेदार, सरदारा राम, भोला राम, लालचंद, सूरत सिंह, कशमीर सिंह, अनिल कुमार, मातु राम, सुबेदार सजरंग, भगवानसिंह कोडाण आदि ने संबोधित किया। संघर्ष समिति ने कहा कि पहले घरड़ाना खुर्द के विद्यालयों में क्वारेंटाइन सेंटर बनाया जावें।