बालिका विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित
निसं
पाटन (नवयत्न)। जमुना देवी पांडेय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाटन में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकार हरिकिशन राव को ह्यूमन राइट्स रिसर्च काउंसिल के स्टेट मीडिया ऑफिसर मनोनीत होने पर विद्यालय प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक महावीर सिंह राव ने कहा कि विद्यालय के चहुंमुखी विकास के लिए सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभागीय संरक्षक सुदेश कुमार स्वामी ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सीबीईओ कार्यालय की ओर से विद्यालय को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने 95 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को विभाग की ओर से सम्मानित करने का आश्वासन भी दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र शर्मा ने विद्यालय के प्रति समर्पित भाव से सहयोग करने पर संरक्षक महावीर सिंह राव एवं हरिकिशन सिंह राव का आभार जताया। उप प्रधानाचार्य सुमेर सिंह खुडानिया ने विद्यालय की ओर से हरिकिशन सिंह राव द्वारा आर्थिक सहयोग किए जाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय स्टाफ ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त प्रिंसिपल महावीर प्रसाद मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में महावीर सिंह राव, सीबीईओ ऑफिस से सुदेश स्वामी, अशोक तोला, संजय डोकणिया, प्रेम सिंह तंवर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन सुमेर सिंह ने किया।