जिला स्तरीय वॉलीबाल में बनगोठड़ी का दबदबा, दोनों वर्गों में जीते खिताब

निसं
बुगाला (नवयत्न)। सेठ गणेश नारायण शिवबक्सराय सौंथलिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जाखल में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। 17 और 19 वर्षीय छात्रा वर्ग के फाइनल में बनगोठड़ी की टीमों ने जीत दर्ज कर दोनों खिताब अपने नाम किए। 17 वर्षीय छात्रा वर्ग के फाइनल में बनगोठड़ी और मझाऊ की टीम आमने-सामने थीं। रोमांचक मुकाबले में बनगोठड़ी ने जीत हासिल की। वहीं 19 वर्षीय वर्ग के फाइनल में बनगोठड़ी ने भोड़की की टीम को हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी दी गई। खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जाखल नगरपालिका चेयरमैन भगवान सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सफलता की कुंजी है। इस दौरान प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों, निर्णायकों और टीम प्रभारियों का भी सम्मान किया गया।

You might also like