शादी समारोह में मधुमक्खियों का आतंक, छह बच्चों सहित 11 घायल
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न ) । रतनगढ़ में शादी समारोह के दौरान मधुमक्खियों का आतंक देखने को मिला। मधुमक्खियों के हमले से छह बच्चों सहित 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दुल्हन भी शामिल है। सभी घायलों को रतनगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। मामले के अनुसार तहसील के गांव भरपालसर में शादी समारोह के अंतर्गत डीजे बज रहा था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले में छह माह की बेबी, दो वर्षीय कृष्णा, तीन वर्षीय राधा व भंवर, पांच वर्षीय रौनक व देवनारायण, 18 वर्षीय द्रोपती, 20 वर्षीय सुमन व प्रभु, 45 वर्षीय संतोष एवं धापू देवी घायल हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई तथा उपस्थित लोगों ने इधर उधर भागकर अपनी सुरक्षा की।