शहर के कई सरकारी दफ्तरों के भवन व पेड़ो पर लटकते मधुमक्खी छतें

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ ( नवरतन वर्मा )। शहरी क्षेत्र में सैकड़ों स्थानों पर मधुमक्खियों के छत्ते इन दिनों लोगों के दहशत का कारण बने हुए हैं। शहर के कई सरकारी दफ्तरों के भवन, वाटर वर्क्स की पानी की टंकियां एवं शिक्षण संस्थाओं के भवन भी इससे अछूते नहीं है, जिसके चलते लोगों में काफी दहशत दिखाई दे रही है। क्षेत्र में गत ऊशुक्रवार को मधुमक्खियों के हमले से एक व्यक्ति की जान चली जाने के बाद लोगों में भय व्याप्त है। शहर के विभिन्न ईलाकों का दौरा करने पर पता चला कि सरकारी भवनों के इर्द-गिर्द भी इन मधुमक्खियों ने छत्ते बना रखे हैं, जहां पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। वहीं सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं के कई भवनों में लगे पेड़ों एवं छज्जे पर मधुमक्खियों के छत्ते लटक रहे हैं, जिससे स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों के मन में भी डर बना हुआ है। वहीं गली-मोहल्लों में स्थित नोहरों में लगे पेड़ों पर व वाटर वर्क्स की पानी की बनी टंकियां पर भी मधुमक्खियों के छत्ते दिखाई दे रहे हैं। उल्लेखनीय रहे कि दिन में एक से दो बार ये मधुमक्खियां अपने छत्तों से उड़ती है, उस दौरान कई लोग इनके शिकार हो जाते हैं। उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को हुई घटना के बाद उन्होंने नगरपालिका प्रशासन को फोगिंग एवं वन विभाग को सरकारी दफ्तरों व शिक्षण संस्थाओं से मधुमक्खियों के छत्ते हटाने के निर्देश दिए हैं।

You might also like