भैंसावता सड़क हादसा: बारात से लौट रही फॉर्च्यूनर खेत में पलटी, तीन युवकों की मौके पर मौत
निसं
सिंघाना (झुंझुनूं) (नवयत्न) । क्षेत्र के भैंसावता गांव के नजदीक सोमवार देर रात करीब एक बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात में शामिल फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाते हुए सड़क से करीब 50 फीट दूर खेत में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि सभी युवक मोई गांव में अपने एक मित्र की बारात में शामिल होने आए थे। देर रात दूल्हे की फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर किसी काम से चिड़ावा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भैंसावता गांव के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। तेज रफ्तार के कारण गाड़ी कई बार पलटी खाती हुई खेत में जा गिरी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में संदीप कड़वासरा पुत्र सवाई सिंह, तनिष्क शेखावत पुत्र मनोहर सिंह और धर्मेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी उदावास की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं अजय पुत्र सहीराम निवासी बाकरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ावा और सिंघाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर चिड़ावा उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि देर रात भैसावता के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए घायलों को नजदीकी चिड़ावा अस्पताल रेफर करवाया गया। वही मैं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी और क्रेन की सहायता से फॉर्च्यूनर गाड़ी को सीधी करवाकर घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया वही एक घायल को जिला अस्पताल झुंझुनू के लिए रेफर कर दिया गया था। फिलहाल मृतकों के शव को चिड़ावा की मोर्चरी में रखवाया गया है परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।