भ्रामक प्रचार के चलते सैकड़ों लोग पहुंचे उचित मूल्य की दुकान पर
पुलिस पहुंची मौके पर
सुजानगढ़, 2 मई। स्थानीय भोजलाई बास स्थित वार्ड नं. 29 व 40 के राशन डीलर शेखर प्रजापत की दुकान पर उस वक्त सैंकड़ों लोगों की भीड़ लग गई, जब वार्ड नं. 40 के लोग यह कहते हुए अनाज लेने पहुंच गए कि उनको पार्षद गणेश मंडावरिया ने सूचना दी है कि सबके लिए अनाज आया है। लेकिन राशन डीलर के पास सबके लिए गेहूं नहीं था। वार्ड नं. 40 के लोगों ने जब एनएफएसए और बीपीएल के तहत दर्ज व्यक्तियों को भी राशन नहीं लेने दिया तो राशन डीलर शेखर प्रजापत ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर हंसराज लूणा को लोगों ने बताया कि पार्षद गणेश मंडावरिया द्वारा घर-घर जाकर उनको सूचना दी गई थी कि सबके लिए राशन आया है, अपना आधार कार्ड और राशन कार्ड लेकर डीलर से लेने पहुंचें। वहीं पुलिस ने सबको समझा बुझाकर लोगों को घर भेजने की कोशिश की। लेकिन बड़ी संख्या में महिलाएं धूप में सडक़ पर ही बैठ गई और शोसल डिस्टेंसिंग की एक भ्रामक प्रचार के कारण धज्जियां उड़ी। जबकि पार्षद मंडावरिया ने भ्रामक प्रचार के आरोपों को झूठा बताया है। सब इंस्पेक्टर हंसराज लूणा ने गणेश मंडावरिया से फोन पर बातबीच करके उन्हें आकर लोगों से समझाने के लिए अपील की। लेकिन गणेश मंडावरिया न तो लोगों के बीच पहुंचे और न ही मौके पर आकर लोगों से समझाईश की। दूसरी ओर नगरपरिषद में नेता प्रतिपक्ष भाजपा नेता बुद्धिप्रकाश सोनी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। सब इंस्पेक्टर हंसराज लूणा ने सभापति सिकंदर अली खिलजी से भी बात की मौके से रवाना हो गए। करीब एक घंटे बाद पार्षद आवेश राव की टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। वहीं पार्षद आवेश राव की टीम ने सबको राशन वितरण करने का प्रयास किया। साथ ही आवेश राव ने कहा कि बचे हुए लोगों तक भी सामग्री पहुंचाने का प्रयास भामाशाहों के सहयोग से किया जायेगा। वहीं करीब चार घंटे तक लंबे इंतजार के बाद लोग घरों की ओर गए। दूसरी ओर पार्षद गणेश मंडावरिया ने किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से साफ इंकार किया है।