मशाल जलाकर भाटी ने किया ईडब्लूएस यात्रा के दूसरे चरण का समापन

निसं
बीदासर (नवयत्न)। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के दूसरे चरण का समापन बीदासर में हुआ। निर्धारित समय से करीब पांच घंटे की देरी से रात लगभग डेढ़ बजे बीदासर पहुंचे भाटी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता देर रात तक डटे रहे। उनके पहुंचते ही समर्थकों ने नारों के साथ स्वागत किया और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। देर रात एकता द्वार से भव्य रोड शो की शुरुआत हुई। इसमें बड़ी संख्या में युवा और समर्थक शामिल हुए। शहर के विभिन्न स्थानों पर जेसीबी और क्रेन के माध्यम से भाटी पर पुष्पवर्षा की गई। समर्थकों ने फूलों की विशाल मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। देर रात होने के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में युवा रोड शो में शामिल रहे।
समर्थकों ने कंधों पर उठाकर मंच तक पहुंचाया
एकता द्वार से शुरू हुआ रोड शो सभा स्थल तक पहुंचा। यहां समर्थकों ने रविंद्र सिंह भाटी को कंधों पर उठाकर मंच तक पहुंचाया। कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। रात के काफी देर हो जाने के बावजूद समर्थक सभा स्थल पर मौजूद रहे और नारे लगाकर अपना समर्थन जताया।
ईडब्लूएस नियमों के सरलीकरण की मांग उठाई
सभा को संबोधित करते हुए रविंद्र सिंह भाटी ने ईडब्लूएस आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने और नियमों में सरलीकरण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं की मांगों पर गंभीरता से ध्यान नहीं देती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भाटी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बिगाडऩा या प्रशासन से टकराव करना नहीं है, लेकिन युवाओं की मांगों की अनदेखी भी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने युवाओं से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि मुकदमों और दबाव के डर से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। जरूरत पडऩे पर युवाओं को जयपुर और दिल्ली तक कूच करने के लिए तैयार रहने का आह्वान भी किया जाएगा।
मशाल की रोशनी में हुआ यात्रा का समापन
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभा स्थल की लाइटें बंद कर दी गईं। इसके बाद रविंद्र सिंह भाटी ने हाथ में मशाल जलाकर ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के दूसरे चरण के समापन की घोषणा की। इस दौरान मौजूद समर्थकों ने अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर समर्थन जताया। कुछ ही देर में पूरा सभा स्थल मोबाइल की रोशनी से जगमगा उठा। मशाल और मोबाइल की रोशनी के बीच युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यह दृश्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
तीसरे चरण की घोषणा का इंतजार
ईडब्लूएस आरक्षण के नियमों में सरलीकरण और विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर निकाली जा रही यात्रा के अब तक दो चरण पूरे हो चुके हैं। बीदासर में दूसरे चरण के समापन के दौरान भाटी ने आंदोलन का अगला चरण भी जल्द शुरू किए जाने के संकेत दिए। अब समर्थकों और युवाओं की निगाहें ईडब्लूएस सरलीकरण यात्रा के तीसरे चरण की घोषणा पर टिकी हैं। बीदासर में देर रात तक जुटी भीड़ और युवाओं की भागीदारी के चलते यात्रा का दूसरा चरण चर्चा का विषय बना रहा।

You might also like