भोपाल में 23 नए केस मिले
भोपाल. भोपाल में शुक्रवार को 23 नए केस सामने आए हैं, इनमें राजभवन में 3 संक्रमित और पाए गए हैं। अब यहां पर संक्रमितों की संख्या 10 हो गई है। राजभवन कंटेनमेंट घोषित किया जा चुका है और दफ्तर बंद कर दिए गए हैं। सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा गया है। 23 नए केस आने के बाद भोपाल में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 1396 हो गयी है। यहां पर अभी तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है।
भोपाल में शुक्रवार को 20 मरीज संक्रमण मुक्त होकर घर लौट गए और अब स्वस्थ होने वालों की संख्या 879 हो गई है। वहीं एक्टिव केस यानी अस्पताल में जिनका इलाज किया जा रहा है, उनकी संख्या 509 हो गई है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा 5 कोरोना पॉजिटिव बाणगंगा में मिले, वहीं पुराने शहर के फूटा मकबरा क्षेत्र में 3, राजभवन में 3 और संजय नगर ईरानी डेरा से 3 केस आए हैं। संक्रमितों में पुराने शहर में 7 साल की बच्ची भी शामिल है।
राजभवन के दफ्तर बंद, वर्क फ्रॉम होम किया
राजभवन परिसर में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जरूरी सावधानियों की हर रोज समीक्षा हो रही है। यहां रह रहे कर्मचारियों और उनके परिजन में 10 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिसर के कर्मचारियों के आवास क्षेत्र को कोविड 19 प्रभावित कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। साथ ही ‘स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर’ (एसओपी) को सुनिश्चित किया गया है। राजभवन परिसर में रहने वाले कर्मचारियों व उनके परिवारों को मेडिकल इमरजेंसी छोड़कर तीन दिन तक बाहर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों को आगामी आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है और कर्मचारियों को घर से काम करने को कहा गया है।
भोपाल में जून के आखिर तक 6 हजार से अधिक केस होंगे
संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए जून के अंत तक भोपाल में 6350 केस होंगे भोपाल में बीते आठ दिन में 336 नए केस सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग का अनुमान है कि संक्रमण की रफ्तार यही रही तो 31 मई तक कुल मरीज 1600, जबकि 30 जून तक बढ़कर 6350 हो जाएंगे। विभाग अब नए केस की इसी रफ्तार को आधार मानते हुए जून-जुलाई की तैयारियों में जुट गया है। शहर के अस्पतालों में 10 हजार से ज्यादा बेड, एक हजार आईसीयू बेड, 1500 ऑक्सीजन बेड रिजर्व कर लिए गए हैं। ऑक्सीजन बेड की संख्या 2700 तक बढ़ाई जा सकती है। कॉन्टैक्ट हिस्ट्री के आधार पर यदि ज्यादा से ज्यादा लोगों को क्वारेंटाइन करना पड़ा तो शहर के सभी गेस्ट हाउस, 100 से ज्यादा मैरिज गार्डन में व्यवस्था की जाएगी। भौरी इंस्टीट्यूशन एरिया, जंबूरी मैदान में अस्थाई क्वारेंटाइन सेंटर बनाने की भी तैयारी है।
250 से ज्यादा नर्सिंग होम चिह्नित
हमीदिया, एम्स, आरकेडीएफ, पीपुल्स, महावीर, एलएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, 250 से ज्यादा नर्सिंग होम्स, एलएन मेडिकल कॉलेज एवं जेके अस्पताल, सभी निजी अस्पताल को आइसोलेशन एवं आईसीयू के बेड आरक्षित रखने के निर्देश हैं। एडवांस मेडिकल कॉलेज, रेलवे अस्पताल, मैनिट के हॉस्टल में मरीजों के संपर्क में आए लोगों और कोविड अस्पतालों में पॉजिटिव मरीजों को रखा जाएगा।
प्रदेश में 23 दिन में डबल हो रहे केस, रिकवरी रेट 54.3%
प्रदेश में कोरोना के मामले अब 23 दिन में डबल हो रहे हैं। जबकि देश में हर 16वें दिन। कोरोना समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि प्रदेश में रिकवरी रेट भी 54.3% हो गया है। देश में यह 42.8% है। हर दिन 6 हजार सैंपल जांचे जा रहे हैं।