विश्नोई की प्रतिमा लगवाने को लेकर सौंपा ज्ञापन
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)25 मई। खाद्य व्यापार मंडल के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसपी तेजस्वीनि गौतम को ज्ञापन सौंपकर पुलिस थाने में थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की प्रतिमा लगवाने की अनुमति देने की मांग की है।
खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेश्याम डोकवेवाला, राजेश बैरासरिया, पार्षद राहुल पारीक, महेेन्द्र दिनोदिया ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि थानाधिकारी विष्णुदत्त के कार्यकाल को क्षेत्र की जनता कभी भुला नहीं सकती। अपनी ईमानदारी एवं कत्र्तव्यनिष्ठा तथा स्वाभिमान को बचाने तथा राजनीतिक दबाव के कारण 23 मई को उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। ज्ञापन में बताया कि विश्नोई एक जांबाज एवं ईमानदार पुलिस अधिकारी थे। उनके आठ माह के कार्यकाल में क्षेत्र में जहां अपराधों में कर्मी आई, वहीं आमजन एवं व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा। क्षेत्र में प्रत्येक नागरिक सुरक्षित महसूस करने लगा था तथा अवैध शराब पर भी पूर्ण रूप से अंकुश सा लग गया था। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में शांति स्थापित हो गई थी।
विष्णुदत्त के व्यवहार एवं कत्र्तव्यता के प्रति आस्था का परिणाम था कि क्षेत्र की जनता के लिए वह जीवित भगवान बन गए थे तथा उनकी स्मृतियों को स्थाई बनाने तथा आमजन में उनकी आस्था को जीवित रखने के लिए उनकी प्रतिमा पुलिस थाना राजगढ़ में खाद्य व्यापार मंडल राजगढ़ अपने निजी खर्च पर स्थापित करना चाहता है। जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी करने की कृपा करें। व्यापारियों को एसपी ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री तक ही नहीं बल्कि विभाग को उच्चाधिकारियों को भी अवगत करवाएगी तथा प्रतिमा स्थापना के लिए सहयोग प्रदान करेगी।