मास्टरजी की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान व चिकित्सा शिविर 5 को
निसं
दांतारामगढ़ (नवयत्न)। पूर्व शिक्षाविद एवं समाजसेवी स्व. जगदीश प्रसाद शर्मा मास्टरजी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 5 सितंबर 2026 शनिवार को राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रूपगढ़ में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान एवं नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन शिक्षा एवं सशक्तिकरण ग्रामीण संस्थान, जयपुर एवं समस्त ग्रामीणजन रूपगढ़ के तत्वावधान में किया जा रहा है। संस्थान के सचिव के.के. शर्मा ने बताया कि शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान के साथ विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा। शिविर में फिजिशियन, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ (गायनिक) एवं शिशु रोग विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में उपचार एवं परामर्श के लिए आने वाले मरीजों को संस्थान की ओर से नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें संस्थान के सचिव, युवाओं एवं ग्रामीणजनों ने भाग लिया। इस दौरान शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा ग्रामीणों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की गई।