गाड़ी ने मारी बाइक को टक्कर, हादसे में एक युवक की मौत

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के नानूवाली बावड़ी के पास स्टेट हाईवे 13 पर देर रात को तेज गति से आई गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दौरान हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया। जानकारी के अनुसार चावड़ा की ढाणी निवासी कृष्ण कुमार पुत्र जगदीश व अधाणा की ढाणी निवासी देवराज पुत्र रामौतार अपने साथियों के साथ मिलकर नानूवाली बावड़ी स्कूल स्थित शिव मंदिर में जागरण कार्यक्रम का आयोजन कर रहे थे। रात करीब 11 बजे दोनों बाइक पर सवार होकर अपने घर से परिवार के सदस्यों को लेने के लिए जा रहे थे। जब वह ढाणी भरगड़ान के पास स्टेट हाईवे पर जा रहे थे तो पिछे से आई एक सफेद रंग की गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक पर सवार देशराज व कृष्ण सड़क पर गिरने से घायल हो गए। इस दौरान राहगीरों ने दोनों घायलों को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल देशराज का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों अपने दोस्तों के साथ ग्रामीणों के सहयोग से पिछले तीन साल से कार्यक्रम करते आ रहे है। मृतक कृष्ण कुमार विवाहित था जिसके एक साल का बेटा है, जबकि देशराज अविवाहित था। मृतक जयपुर में मजदूरी करता था और घायल देशराज निजामपुर मोड़ पर वेल्डिंग का काम करता है। मृतक के एक बड़ा भाई सुनिल व पिता जगदीश भी मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना पर खेतड़ीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना किया। हादसे में बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टक्कर मारने वाली गाड़ी मौके से फरार हो गई। एएसआई विजय कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You might also like