शारीरिक कमजोरी दूर करने के नाम पर ठगी

डी के सैनी

जयपुर (नवयत्न ) । राजधानी के बिंदायका थाना इलाके में ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ कुछ शातिर युवकों ने एक युवक को शारीरिक कमजोरी दूर करने का झांसा देकर न केवल लाखों रुपए ठगे, बल्कि उसकी अश्लील फोटो मंगवा कर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परेशान होकर पीड़ित ने अब थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बिंदायका थाना क्षेत्र की है। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले कुछ युवक उसके घर के बाहर आए थे। वे किसी हेल्थ प्रोडक्ट का प्रचार कर रहे थे। आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास एक ऐसा आयुर्वेदिक पाउडर है, जिससे हर प्रकार की शारीरिक कमजोरी जड़ से खत्म हो जाएगी। युवक उनकी बातों में आ गया और उनसे पाउडर खरीद लिया।
पीड़ित के अनुसार शातिर युवक समय-समय पर उसे पाउडर देने आते और मोटी रकम वसूल कर ले जाते। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने ‘पाउडर का असर’ चेक करने के बहाने युवक को झांसे में लेकर उसकी नग्न तस्वीरें मंगवा लीं। फोटो हाथ लगते ही आरोपियों ने अपना असली रंग दिखाया और उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
लगातार मानसिक और आर्थिक शोषण से तंग आकर पीड़ित अंततः बिंदायका थाने पहुँचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आईटी एक्ट और ठगी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन युवकों की तलाश में जुटी है जो इलाके में इस तरह के प्रोडक्ट बेचने का काम कर रहे थे।

You might also like