रेल लाइन को लेकर मुख्यमंत्री ने विधायक को पत्र भेजा, विधायक धर्मपाल गुर्जर की मेहनत लाई रंग

 

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न ) । डाबला-सिंघाना रेल लाइन परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ने खेतड़ी विधायक को पत्र भेजा, पत्र आने के बाद रेल लाइन को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने लगे हैं। खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर पिछले डेढ़ साल से रेल लाइन को स्वीकृति दिलाने के प्रयासों में लगातार जुटे हुए हैं। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि डाबला से सिंघाना रेल लाइन को शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन दिया था, इस संबंध में मुख्यमंत्री ने पत्र भेजा है जिसमें बताया कि भेजे गए प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाया है और इस दिशा में कार्रवाई जारी है। इसके बाद माना जा रहा है कि जल्द ही क्षेत्रवासियों को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। मुख्यमंत्री का यह पत्र सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। समाज सेवी बबलू अवाना ने बताया कि खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर डाबला-सिंघाना रेल लाइन की आवश्यकता से अवगत कराया था। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन बनने से डाबला, खेतड़ी, सिंघाना और चिड़ावा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा व्यापार, रोजगार और यातायात सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। विधायक ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। डाबला-सिंघाना रेल लाइन के साथ-साथ बबाई हवाई पट्टी को लेकर भी सरकार स्तर पर लगातार पैरवी की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले सिंघाना क्षेत्र में रेलवे की जमीन से अतिक्रमण भी हटाया गया था। उस दौरान रेलवे अधिकारियों ने भी इस परियोजना के लिए प्रस्ताव तैयार होने की बात कही थी। अब मुख्यमंत्री के पत्र के बाद क्षेत्रवासियों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। यदि यह परियोजना स्वीकृत होती है तो डाबला, खेतड़ी, सिंघाना और चिड़ावा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ लोगों को बेहतर रेल सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

You might also like