लापरवाही का नतीजा: ग्रीन जोन चूरू अब वापस ओरेंज जोन में

दो कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शहर के 10 वार्ड सीज

चूरू,(पीयूष शर्मा)9 मई। शहर में शुक्रवार शाम एक साथ दो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने शनिवार को 10 वार्डों को आगामी आदेश तक कंटेनमेंट जोन घोषित कर दियाा।

गौरतलब है कि 25 दिन बाद एक बार फिर वार्ड नौ व 17 में दो कोरोना संक्रमित पॉजिटिव आने के साथ ही प्रशासन व चिकित्सा महकमे में हडक़ंप मच गया। बाहर से आए लोगों की निगरानी में रही जरा सी चूक की वजह से ग्रीन जोन में आ चुका चूरू शहर एकबार फिर ओरेंज जोन में शामिल हो गया। इसी के साथ ही आमजन की सुरक्षा एवं लोक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए कलक्टर संदेश नायक ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 व राजस्थान एपीडेमिक डिजीज एक्ट के तहत चूरू नगरीय क्षेत्र के वार्ड सात, आठ, नौ, 10, 11, 12, 16, 18 व 26 का क्षेत्र हाई रिस्क जोन होने के कारण कन्टेनमेंट जोन घोषित कर दिया।

बिना अनुमति नहीं निकल सकेंगे घर से
कलक्टर संदेश नायक के आदेशों के मुताबिक कंटेनमेंट जोन घोषित किए गए वार्डों के निवासियों को अपने घरों में ही रहना होगा। किसी भी प्रकार के गैर अनुमत कारण से बाहर नहीं निकलेंगे। इन वार्डों में किसी भी व्यक्ति के आवागमन पर सख्त पाबंदी रहेगी। चिकित्साकर्मी, पुलिसकर्मी, एंबुलेंस कर्मी सहित राज्यादेशों की पालना के लिए इन क्षेत्रों में आवागमन के लिए अधिकृत होंगे।

चिकित्सकीय टीम ने किया सर्वे
संक्रमित पाए गए दो व्यक्तियों के वार्डों में कंटेनमेंट एरिया में शनिवार सुबह से दोपहर तक चिकित्सा टीमों ने सघन सर्वे किया। डा. एफएच गौरी के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने घरों में जाकर आमजन से प्रशासन की एडवाइजरी की पालना करने का आह्वान किया। डा. गौरी ने बताया कि कलक्टर के आदेशों के मुताबिक संबंधित वार्डों में बेरिकेडिंग कर इन्हें पूरी तरह पैक कर दिया गया है।

सूरत से निजी बस में सवार हो चूरू पहुंचे थे दोनों पीडि़त
गौरतलब है कि संक्रमित पाए गए दोनों व्यक्ति पांच व छह मई को गुजरात से निजी बसों में सवार होकर चूरू पहुंचे थे। इनके साथ दोनों बसों में करीब 32 से 35 व्यक्ति आए थे। डा. गौरी के मुताबिक रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों वार्डो में मिले संक्रमितों के परिजनों व आस-पास के लोगों को अस्पताल लाकर उनकी स्क्रीनिंग करवाई गई।

कलक्टर-एसपी-एसडीएम ने लिया वार्डों का जायजा
शनिवार शाम को कलक्टर संदेश नायक, एसपी तेजस्वीनि गौतम व एसडीएम अवि गर्ग ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ड नौ व 17 में दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान कलक्टर नायक ने बीसीएमएचओं डा. अहसान गौरी को रेड जोन से आने वाले हर व्यक्ति की स्क्रीनिंग के बाद उन्हें क्वारेंटाइन सेंटर में भिजवाने के निर्देश दिए।

12 जनों को किया क्वारेंटाइन
पीएचसी नंबर आठ के प्रभारी डा. इमरान गौरी के मुताबिक दो व्यक्ति संक्रमित पाए जाने के बाद पूरा चिकित्सा महकमा अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। शनिवार को संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की गई। अलग-अलग वार्डों से ऐसे 12 व्यक्तियों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्वारेंटाइन करवाया गया।

14 पॉजिटिव संक्रमित हो चुके स्वस्थ
चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक शहर में गत 11 अप्रैल को आलोक सिनेमा के पास स्थित एरिया में एक युवक व उसके दो परिजन सहित तीन जने कोरोना संक्रमित मिले थे। जिले में मिले 14 कोरोना पॉजिटिव उपचार के बाद स्वस्थ होने पर शहर को ग्रीन जोन में शामिल कर दिया गया था।

You might also like