सिटी डिस्पेंसरी को स्थायी चिकित्सक का इंतजार, नर्सिंग स्टाफ के भरोसे चल रहा स्वास्थ्य केंद्र

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के जावा बास स्थित राजकीय शहरी स्वास्थ्य केंद्र (सिटी डिस्पेंसरी) पिछले करीब तीन वर्षों से बिना स्थायी चिकित्सक के संचालित हो रहा है। बड़ी आबादी के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद यहां डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने से आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 70 से 100 तक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सक के अभाव में अधिकांश मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ता है या फिर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं नर्सिंग स्टाफ को बतानी पड़ती हैं। गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बताया गया कि यहां कार्यरत रहे डॉ. हेमंत के स्थानांतरण के बाद अक्टूबर 2023 से चिकित्सक का पद रिक्त पड़ा है। तब से इस स्वास्थ्य केंद्र का अतिरिक्त कार्यभार डिप्टी सीएमएचओ डीडवाना डॉ. जोगेंद्र ठोलिया के पास है। बावजूद इसके, यहां नियमित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्र पर नर्सिंग ऑफिसर प्रेम खिलेरी, ब्लॉक हेल्थ सुपरवाइजर विकास स्वामी, नर्सिंग स्टाफ जयप्रकाश, प्रेमाराम, मकसूद शेख तथा एएनएम पूनम गेना, शिल्पा, मंजू, रामपी और टीकमचंद सहित अन्य कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद स्टाफ मरीजों को राहत देने का प्रयास कर रहा है, लेकिन चिकित्सक की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इस संबंध में ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. शक्ति सिंह शेखावत ने बताया कि शहरी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति को लेकर चिकित्सा विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है और समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन की मांग है कि शहर की बढ़ती आबादी और मरीजों की संख्या को देखते हुए जावा बास स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति की जाए ताकि लोगों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। और भवन का सदुपयोग किया जा सके।

You might also like