ईद पर्व को लेकर पुलिस थाने में सी एल जी की बैठक आयोजित 

सुमेर मीणा 
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर उदयपुरवाटी पुलिस थाने में सीएलजी सदस्यों एवं ग्राम रक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शहर में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों और झुंझुनूं स्टेट हाईवे पर बढ़ते अतिक्रमण की समस्या प्रमुख रूप से सामने आई।
बैठक में सदस्यों ने बताया कि घूमचक्कर से जमात क्षेत्र तक फोरलेन सड़क के किनारों पर वाहन खड़े रहने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस संबंध में अमित अली कच्छावा ने कहा कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे आमजन परेशान हैं।
थानाधिकारी रामपाल मीना ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आवश्यक स्थानों पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है तथा आगे भी अभियान जारी रहेगा।
बैठक में राहुल चेजारा ने शहर में लंबे समय से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों का मुद्दा उठाया। इस पर थानाधिकारी ने बताया कि कैमरों की मरम्मत के लिए नगर पालिका प्रशासन को पत्र भेजा जा चुका है, क्योंकि इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की है।
थानाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं दें और बिना लाइसेंस वाहन संचालन से बचें। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक में पूर्व पार्षद राजेंद्र प्रसाद मारवाल, अजीज नागोरी, विजय चेजारा, अकरम मुगल, विद्याधर सैनी, विमल कुमार बंसल, बाबू लोहार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
You might also like