सीएम ने पंचायत प्रतिनिधियों से किया संवाद, लाबी अहीर की सरपंच से भी बात
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों से संवाद के लिए शुक्रवार को राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के सरपंचों और पंचायती राज जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। झुंझुनूं में जिला स्तरीय कार्यक्रम सूचना केंद्र सभागार में हुआ। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों से उनके क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और किए गए नवाचारों की जानकारी ली। इस दौरान झुंझुनूं जिले की ग्राम पंचायत लांबी अहीर की सरपंच नीरू यादव से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। नीरू यादव ने पंचायत में जल स्वावलंबन के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने ग्राम पंचायत में शुरू किए गए बर्तन बैंक के नवाचार के बारे में भी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के व्यक्ति की समस्या और उसकी उम्मीद का पहला केंद्र सरपंच होता है। जनप्रतिनिधियों को गांव के लोगों से लगातार संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें पारदर्शी, जवाबदेह और जनभागीदारी वाली होंगी तो विकास कार्यों का प्रभाव भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी और बिजली सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। जल संरक्षण, हर घर नल से जल, स्वामित्व कार्ड, पट्टे और ओडीएफ प्लस जैसे कार्यों को गति देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नई जिला परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के गठन के साथ पंचायती राज जनप्रतिनिधियों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान से अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों को जुड़ने का आह्वान किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री का संदेश वितरित किया। कार्यक्रम में विशंभर पूनिया, प्यारेलाल ढुकिया, एसीईओ रामनिवास, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की उपनिदेशक दीपा राणासरिया, महेंद्र चंदवा, अरुणा सिहाग सहित जिलेभर से पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।