सीएमएचओ और संविदाकर्मी ने निजी अस्पताल संचालक से मांगी 2.75 लाख की रिश्वत

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी ने निजी अस्पताल के संचालन, सोनोग्राफी और एमए, आयुष्मान योजना के एमओयू पर हस्ताक्षर करने के एवज में 2.75 लाख रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ जीवराज मीणा और कार्यालय के संविदाकर्मी महेश पाटीदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के अनुसार प्रतापगढ़ चौकी पर शिकायत मिली थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि एसएस हॉस्पिटल, प्रतापगढ़ एवं धरियावद के अस्पतालों के संचालन, सोनोग्राफी तथा एमएए आयुष्मान योजना के एमओयू पर हस्ताक्षर करने के लिए सीएमएचओ जीवराज मीणा और संविदाकर्मी महेश पाटीदार की ओर से 2.75 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। इसके अलावा मासिक बंदी के रूप में भी रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया। एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान अस्पताल संचालन, सोनोग्राफी, आयुष्मान योजना के एमओयू पर हस्ताक्षर और मासिक बंदी के एवज में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। एसीबी के अनुसार कार्रवाई से पहले आरोपी को पूर्व की घटनाओं को लेकर अनुचित लाभ प्राप्त करने संबंधी खबरें समाचार पत्रों में प्रकाशित होने की जानकारी मिल गई, जिससे वह सतर्क हो गया। इसके चलते आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी।

You might also like