कांग्रेस नेता सैनी ने जन्मदिन पर दी अनूठी मिसाल, बांटे 51 हेलमेट
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के बीच कांग्रेस नेता मानसिंह सैनी ने अपने 50वें जन्मदिन पर एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की है। सैनी ने अपना जन्मदिन केक काटने की बजाय सड़क सुरक्षा को समर्पित करते हुए 51 हेलमेट का वितरण किया। साहवा रोड स्थित चंगाई चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में मानसिंह सैनी ने बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चला रहे वाहन चालकों को रोक-रोक कर हेलमेट वितरित किए और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। मानसिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में सड़क हादसों में कई युवाओं की जान गई है। ज्यादातर हादसों की वजह हेलमेट न पहनना है। उन्होंने कहा जन्मदिन पर फिजूल खर्च करने से बेहतर है किसी की जान बचाई जाए। मेरा संदेश है- जान है तो जहान है, बिना हेलमेट घर से बाहर न निकलें। उन्होंने आमजन और अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को बिना हेलमेट वाहन न चलाने दें और खुद भी हेलमेट पहनने की आदत डालें। इस मौके पर पालिका ईओ अजय प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी सुरजाराम, सुमेरसिंह, कांस्टेबल कालूराम, हरलाल, पार्षद बाबू हुसैन कुरैशी, बुँदे खां लुहार, बलदेव सैनी, साजिद टाक, शरीफ लुहार, धनेश सैनी सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।