कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेसी, बैरिकेड्स पर चढ़े, जमकर नारेबाजी की, चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को झुंझुनूं में प्रदर्शन किया। एआईसीसी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गांधी चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने किया। गांधी चौक से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैरिकेड्स लगा कर रोक दिया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें उतारा। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच और निष्पक्ष चुनाव की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष चौधरी ने हाल में हुए निकाय चुनावों को लेकर भी सरकारी तंत्र के कथित दुरुपयोग और कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाने डराने – धमकाने के आरोप लगाए। प्रदर्शन में पिलानी विधायक पीतराम काला, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़, धर्मपाल सैनी सिंघाना सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


बैरिकेड्स पर चढ़े कार्यकर्ता, पुलिस से हुई धक्का- मुक्की
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने परिसर में जाने का प्रयास किया। पुलिस ने मुख्य गेट पर बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारा। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का – मुक्की की स्थिति बन गई। काफी देर तक कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर नारेबाजी चलती रही। पुलिस जाब्ता कार्यकर्ताओं को बैरिकेड्स से आगे जाने से रोकता रहा।
चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना था कि निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष चुनाव कराना है और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाएगी। उन्होंने हाल में हुए निकाय चुनावों को लेकर भी सरकारी तंत्र के कथित दुरुपयोग और कांग्रेस पार्षदों पर दबाव बनाने के आरोप लगाए।

You might also like