कोरोना योद्धाओं का सम्मान
लोसल,(नंदलाल गौड़)17 मई। जन कल्याण सेवा समिति लोसल की ओर से सामुदायिक चिकित्सा भवन में रविवार को कोरोना योद्धाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जन कल्याण सेवा समिति ने कोरोना वायरस संक्रमण से जंग लड़ने के लिए सामुदायिक केन्द्र में उपकरण भेंट किए। सीएचसी प्रभारी नथमल कड़वासरा ने बताया कि लोसल जनकल्याण सेवा समिति ने सीएचसी कर्मवीरों का सम्मान करते हुए पच्चास पीपीई किट, दो थर्मल स्कैनिंग मशीन, पच्चास एन-95 हैड मास्क व दो हजार मास्क उपलब्ध कराएं है। जन कल्याण सेवा समिति लोसल ने धरती के भगवान और कोरोना योद्धा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार धायल, लोसल सामुदायिक केन्द्र प्रभारी डॉ नथमल कड़वासरा, डॉ श्रवणकुमार, मेल नर्स रामगोपाल, दीनदयाल सहित स्टाफ का माला पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील कुमार धायल ने कहा कि समिति ने मेडिकल टीम के लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराके निश्चित ही कोरोना योद्धाओं का सम्मान व सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कोरोना योद्धाओं का सम्मान में जन कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण कालिका, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।